बुद्ध नगर के पास पुलिया टूटने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त; दर्जनों गांवों की आवाजाही प्रभावित, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
सोनभद्र ( जितेन्द्र कुमार मौर्य ) जनपद सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत मधुपुर-वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग से बनवारी जाने वाली सड़क पर बुद्ध नगर के पास बनी पुलिया 31 अगस्त 2026 की रात हुई भारी बारिश के दौरान अचानक टूटकर धंस गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
गनीमत रही कि घटना के समय तेज बारिश और अंधेरी रात के कारण मार्ग पर आवागमन नहीं हो रहा था। इसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि पुलिया टूटने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, मौके पर पानी का तेज बहाव जारी रहने से मार्ग से गुजरना बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है।
बताया जाता है कि मधुपुर-बनवारी रोड आसपास के भवानीपुर, मझुई, मुबारकपुर, गड़ईगाढ़ समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। पुलिया टूटने के बाद इन गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मार्ग बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके का निरीक्षण कराने और क्षतिग्रस्त पुलिया की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रह सकती है।


0 Comments