( जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र )
सोनभद्र। जनपद के राबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत सुकृत चौकी क्षेत्र के चहलवा जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 सितंबर 2026 को दोपहर बाद कुछ चरवाहे मवेशी चराने जंगल की ओर गए थे, तभी उनकी नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। चरवाहों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और सुकृत पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान कपड़ों के आधार पर डब्लू (45) पुत्र सरन, निवासी सुकृत, थाना राबर्ट्सगंज कोतवाली के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मृतक करीब 6 दिन पहले पत्नी से विवाद के बाद घर से निकल गया था और लौटकर नहीं आया।
प्रथम दृष्टया आशंका है कि घर से निकलने के बाद वह सुनसान जंगल में चला गया और संभवतः विषाक्त पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

0 Comments