सोनभद्र ( जितेन्द्र कुमार मौर्य ) जनपद में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश से करमा विकासखंड के ग्राम सभा मधुपुर में जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार हुई बारिश के कारण मधुपुर बाजार समेत आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का पानी कई दुकानों में घुस जाने से दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मधुपुर के चर्चित फुटहड़वा पुल के समीप भी बारिश के पानी के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए। पुल के आसपास जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई। जलभराव के चलते क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
वहीं, मधुपुर-मझलीबहार मार्ग पर भारी मात्रा में पानी भर जाने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई। इससे इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से गुजरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।
भारी बारिश के बाद मधुपुर में बने जलभराव के हालात ने क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।


0 Comments