भारी बारिश के चलते कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 1 सितंबर को अवकाश



सोनभद्र। (जितेन्द्र कुमार मौर्य) भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी बोर्डों के विद्यालयों में 1 सितंबर 2026 को अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त सभी बोर्डों के विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं 1 सितंबर को संचालित नहीं होंगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वर्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। शिक्षक विद्यालय पहुंचकर ऑपरेशन कायाकल्प, डीबीटी, यू-डायस प्लस सहित अन्य विभागीय कार्यों का निर्धारित समय के अनुसार संपादन करेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों तथा प्रधानाध्यापकों/प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Post a Comment

0 Comments