सड़क पार कर रहे आठ वर्षीय मासूम को पिकअप ने कुचला, मौके पर मौत।


रिपोर्ट - जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र 


सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत लोहरा गांव में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में करीब आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर कमलकुंज ढाबा के समीप हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहरा गांव निवासी संतोष चौहान का करीब आठ वर्षीय पुत्र विक्की सोमवार को सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सुकृत की ओर से मधुपुर की तरफ जा रही एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुकृत पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। खबर लिखे जाने तक दुर्घटना को अंजाम देने वाले पिकअप वाहन की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने में जुटी थी।

पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वाहन और चालक के संबंध में जानकारी मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments