रिपोर्ट - जितेन्द्र कुमार मौर्य, सोनभद्र
दुद्धी (सोनभद्र): विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमाटोला-छतवां गांव में शुक्रवार रात एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शौचालय से लौटने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से परिजनों में हड़कंप मच गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, धूमाटोला-छतवां निवासी रामकुमार (55) पुत्र शिवप्रसाद शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे खाना खाने के बाद शौचालय गए थे। वहां से लौटते ही वह "जान बचाओ, जान बचाओ" चिल्लाने लगे। देखते ही देखते उनके मुंह से झाग निकलने लगा और वे अचेत होकर गिर पड़े।
परिजन आनन-फानन में रात करीब 1:30 बजे निजी साधन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता शिवप्रसाद ने बताया कि रामकुमार मजदूरी और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बड़े बेटे का विवाह हो चुका है, जबकि चार बच्चे अविवाहित हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शौचालय से लौटते ही तबीयत बिगड़ने के कारण परिजनों ने आशंका जताई है कि शौचालय में किसी जहरीले जीव के काटने से यह हादसा हुआ है। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
अस्पताल के मेमो पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Comments