ट्रेन से कटकर किशोर की मौत, जांच में जुटी पुलिस

 


जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र


विंढमगंज/सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के महुली-फूलवार सीमा पर सोमवार को लगभग शाम 4 बजे एक 14 वर्षीय किशोर की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवकुमार कनौजिया (14 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय दीपक कुमार कनौजिया, निवासी महुली, के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय आसपास पशु चरा रहे चरवाहों ने बताया कि किशोर दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और मालगाड़ी के नजदीक आते ही पटरी पर लेट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

इनसेट

दो वर्ष पहले उसी स्थान पर पिता की भी हुई थी ट्रेन से कटकर मौत

मृतक शिवकुमार कनौजिया के पिता दीपक कुमार कनौजिया की भी लगभग दो वर्ष पूर्व इसी स्थान पर ट्रेन से कटकर मृत्यु हुई थी। एक ही परिवार में एक ही स्थान पर हुई दूसरी इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments