जितेन्द्र कुमार मौर्य, जनपद सोनभद्र
दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरडीहा निवासी किसान बीरबल (36 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण की सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे खेत में सिंचाई की व्यवस्था करते समय विद्युत करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बीरबल धान की रोपाई के लिए खेत में सिंचाई की व्यवस्था कर रहे थे। घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित एलटी (लो टेंशन) मेन लाइन से मोटर पंप के तार जोड़ते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। घटना के समय उनका बड़ा पुत्र संदीप भी उनके साथ था और पीछे से तार लेकर आ रहा था। उसने पिता को अचेत अवस्था में देखकर शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजन तत्काल बीरबल को निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि अत्यधिक करंट लगने के कारण मरीज का ब्रेन डेथ हो चुका था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
अस्पताल प्रशासन ने मेमो के माध्यम से मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसा खुले विद्युत तारों के संपर्क में आने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि मृतक बीरबल अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र (संदीप व सुशील) तथा दो पुत्रियां (अनिता व सुनीता) छोड़ गए हैं। चारों बच्चे अविवाहित हैं। बीरबल चार भाइयों में सबसे बड़े थे। घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।
पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

0 Comments