जितेंद्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र


रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। नगर स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को ग्रैंड पैरेंट्स डे का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के दादा-दादी एवं नाना-नानी ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विद्यालय परिवार ने कुमकुम तिलक, बैज एवं अंगवस्त्र भेंट कर सभी ग्रैंड पैरेंट्स का सम्मानपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, समूह गीत, समूह नृत्य तथा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका "नो टू ओल्ड एज होम" ने परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और उनके महत्व का प्रभावी संदेश दिया, जिसकी सभी ने सराहना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद कुमार जॉन ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और स्नेह बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में अपने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, अपनत्व और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम बनते हैं।