(रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार मौर्य, मधुपुर, जनपद सोनभद्र)
सोनभद्र। जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर में नौगढ़ रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुतलुपुर निवासी गोविंद चौहान (लगभग 55 वर्ष) नौगढ़ रोड से मधुपुर की ओर बाइक से जा रहे थे। कोइलहिया बस्ती के समीप उनकी बाइक ने रेनू पत्नी दिनेश को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद लोगों के आक्रोश से बचने के लिए गोविंद चौहान तेज रफ्तार से बाइक लेकर मधुपुर की ओर भागने लगे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर लगभग 500 मीटर आगे सामने से आ रही एक पिकअप से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही परिजन, एम्बुलेंस तथा सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मधुपुर में भर्ती कराया गया। वहीं गोविंद चौहान को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments