( जितेन्द्र कुमार मौर्य, जनपद सोनभद्र )
सोनभद्र। रविवार से जनपद में सघन पल्स पोलियो महाअभियान का शुभारंभ हो गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर एक नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर दी गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को आजीवन सुरक्षा प्रदान करती हैं। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, चाहे उसे पहले कितनी भी बार पोलियो की दवा दी जा चुकी हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा मीडिया से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1,092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें तथा 7 मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है। बूथ दिवस पर सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, गिरधारी लाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Comments