सोनभद्र : बेलन नदी में मगरमच्छ के हमले से किशोर की मौत, गांव में मचा कोहराम



रिपोर्ट - जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र


घोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवां गांव में शुक्रवार की दोपहर बेलन नदी में नहाने गए 12 वर्षीय किशोर की मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार दीवां गांव निवासी आदर्श कोल (12) पुत्र बेचन कोल अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर बेलन नदी में गांव के एक अन्य किशोर के साथ नहाने गया था। दोपहर करीब तीन बजे नहाने के दौरान अचानक नदी से निकले एक मगरमच्छ ने आदर्श पर हमला कर दिया और उसे पकड़कर पानी के भीतर खींच ले गया। साथ में नहा रहे किशोर के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण लाठी-डंडा और बांस लेकर नदी में उतरे, जिसके बाद मगरमच्छ वहां से भाग गया। बताया जाता है कि मगरमच्छ ने किशोर को नदी के भीतर मिट्टी में दबा दिया था। काफी तलाश के बाद ग्रामीणों ने नदी के बीच से आदर्श को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय पुलिस बल के साथ तथा वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि आदर्श अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चौकी प्रभारी त्रिभुवन राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। प्रथम दृष्टया किशोर की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं।

Post a Comment

0 Comments