रिपोर्ट- जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र ।
सोनभद्र। विण्ढमगंज थाना पुलिस ने हत्या की सनसनीखेज घटना का मात्र 8 घंटे में सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल (चापड़), मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विण्ढमगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को थाना विण्ढमगंज क्षेत्र के ग्राम जोरूखाड़ में रजनीकांत पुत्र अश्वनी गोंड उम्र 24 वर्ष निवासी पतरिया का शव बरामद हुआ था। घटनास्थल के पास मृतक की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मामले में थाना विण्ढमगंज पर मुकदमा संख्या 78/2026 धारा 103(1), 238 (A) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह निवासी ग्राम केवाल, थाना विण्ढमगंज को टहनिया खोली स्थित एक खाली मकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक रजनीकांत का उसकी पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग था, जिससे वह रंजिश रखता था। इसी कारण वह मृतक को बहाने से जंगल की ओर ले गया और चापड़ से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चापड़ तथा अपने कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति, कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल आलोक कुमार शामिल रहे।

0 Comments