(रिपोर्ट - जितेन्द्र कुमार मौर्य, जनपद सोनभद्र)
सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जरहां के टोला हड़बड़िया में सोमवार सायंकाल सर्पदंश की एक दुखद घटना में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखमनिया (71 वर्ष), पत्नी नान्हक, निवासी टोला हड़बड़िया, सोमवार की शाम स्नान करने के बाद अपने घर के आंगन में खड़ी थीं। इसी दौरान कहीं छिपे एक विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल एनटीपीसी रिहंद स्थित धन्वंतरी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बुजुर्ग महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार एवं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद भारती की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को रात में मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया।
मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।
मृतका के पुत्र राजाराम ने थाने में तहरीर देकर तहसील प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

0 Comments