रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार मौर्य, मधुपुर (सोनभद्र)
सोनभद्र। जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बंतरा रोड के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बने ओवरब्रिज के पास एक ही बाइक पर सवार चार लोगों को पीछे से आ रहे अज्ञात बस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची सुकृत पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के परही गांव निवासी सुभाष यादव (27) पुत्र रमेश यादव अपनी रिश्तेदारी में सुकृत गए हुए थे। वहां से तेतरा देवी (70), पत्नी स्वर्गीय छोटक, तथा आर्यन (7) अपनी मां के साथ चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर मधुपुर के लिए निकले थे। फ्लाईओवर के समीप पहुंचते ही पीछे से आए बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सुरक्षित बची महिला के अनुसार, टक्कर मारने वाला वाहन काले रंग की बस थी, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गई।
टक्कर लगने से सुभाष यादव एवं तेतरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटना के समय प्राप्त जानकारी के आधार पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

0 Comments