सोनभद्र के सीएचसी में दबंगों का तांडव, डॉक्टर से मारपीट, सरकारी रजिस्टर फाड़े; एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।


रिपोर्ट - जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र उत्तर प्रदेश।


सोनभद्र। जिले के मधुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आपसी विवाद में घायल एक व्यक्ति के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने के बाद दूसरे पक्ष के करीब 20 लोग भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल परिसर में घुसकर मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की, जिससे पूरे अस्पताल में दहशत फैल गई।

उपद्रव के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश के हाथ में चोट आई। आरोप है कि हमलावरों ने अस्पताल के दो महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टर भी फाड़ दिए, जिससे सरकारी अभिलेखों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद अस्पताल का कामकाज भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा और मरीजों व तीमारदारों में भय का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर, रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा तथा सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अखिलेश ने बताया कि कुछ मनबढ़ लोग बिना किसी कारण अस्पताल में घुस आए और एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को दी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि विवाद में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में कानून व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में घटना को लेकर रोष है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments