अनियंत्रित ट्रेलर सरकारी अस्पताल में घुसा, बाल-बाल बचीं महिला स्वास्थ्यकर्मी



( जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र )


सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी से महज कुछ ही दूरी पर वाराणसी से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पार करते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरी इमारत अपनी जगह से खिसक गई। हादसे के समय वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात सीएचओ रंजना त्रिपाठी और एएनएम अर्पिता अंदर बैठी थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर अस्पताल के अंदर जा रहा था, तभी ट्रेलर अनियंत्रित होकर भवन में घुस गया। हादसे में महिला स्वास्थ्यकर्मी और उक्त व्यक्ति सुरक्षित बच गए, जबकि उसकी मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर के अधीक्षक डॉ. अखिलेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोनभद्र भी मौके के लिए रवाना हो गए।

समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं थी। हालांकि, इस हादसे में स्वास्थ्य विभाग की इमारत और अन्य सरकारी संपत्ति को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

Post a Comment

0 Comments