( जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र )
सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर पन्नूगंज थाना परिसर से महज 100 मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।बताया जा रहा है कि दुर्घटना मृतक के घर से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे परिजनों समेत ग्रामीणों में शोक और आक्रोश फैल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान में जुटी हुई है।घटना से नाराज ग्रामीणों ने पन्नूगंज थाने का घेराव कर आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश तेज कर दी गई है। दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं मृतक परिवार के परिजनों का मांग है की बिना परिजनों से पूछे बॉडी उठा कर ले गई पुलिस बॉडी वापस करने के लिए थाने के घेराव के बाद रामगढ़ मार्केट में चक्का जाम किया मौके पर पुलिस प्रशासन मौजूद है।

0 Comments