संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की मौत से सनसनी, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप, जांच शुरू



( सोनभद्र रिपोर्ट जितेन्द्र कुमार मौर्य )


कोन (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरखाड़ ग्राम पंचायत के सिद्धवादामर टोला में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान श्याम बिहारी उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।


परिजनों का आरोप है कि श्याम बिहारी उरांव के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी मौत हुई है। परिवार का कहना है कि यह कोई सामान्य मृत्यु नहीं है, बल्कि इसके पीछे गंभीर आपराधिक घटना छिपी हुई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।


मृतक के भाई प्रमोद कुमार उरांव ने कोन थाना में लिखित तहरीर देकर कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहराई से जांच की जाए और जिन लोगों पर मारपीट का आरोप है, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। परिजनों का यह भी दावा है कि घटना से संबंधित कुछ वीडियो फुटेज उनके पास मौजूद हैं, जो जांच में अहम सबूत साबित हो सकते हैं।

Post a Comment

0 Comments