( जितेन्द्र कुमार मौर्य जनपद सोनभद्र )
सोनभद्र। शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में रविवार रात 46 वर्षीय महिला अमरावती कोल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। महिला का शव महुअरिया जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार अमरावती अपने पति मुन्ना कोल के साथ जंगल गई थी। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पति ने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शाहगंज थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह और कस्बा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका पांच बच्चों की मां थी। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में चर्चा का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी परिस्थिति और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments